रेवाड़ी। बाजरा खरीद के लिए लागू रोस्टर व्यवस्था का असर सोमवार को अनाज मंडी में दिखाई दिया। निर्धारित गांवों के किसानों को तय दिन फसल लेकर आने के निर्देश के चलते मंडी में भीड़ कम रही। सोमवार को 334 गेट पास काटे गए और 9094 क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई।
हालांकि, सरकारी खरीद नहीं हुई। भीड़ कम होने से किसानों को गेट पास बनवाने और अन्य प्रक्रिया में अपेक्षाकृत सुविधा रही। रोस्टर के तहत किसानों को निर्धारित तिथि पर ही फसल लेकर मंडी पहुंचने की सलाह दी गई है।
इससे एक साथ अधिक संख्या में किसानों के पहुंचने से होने वाली अव्यवस्था को कम करने में मदद मिल रही है। प्रशासन की ओर से किसानों से तय दिन पर ही मंडी आने की अपील की गई है।
आज इन गांवों के किसानों की होगी खरीद
आज को रेवाड़ी मंडी में आसांका, आसपुर, अकबरपुर, बाढ़जेठू, बालावास अहीर, बखापुर, बनीपुर, इब्राहिमपुर, मंगलेश्वर, पातुहेड़ा, आसलवास, बैरियावास और बैरली खुर्द के किसानों की बाजरा खरीद निर्धारित है। कोसली अनाज मंडी के लिए भी 6 अक्तूबर का रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत बहाला, बाबडोली, आसियाकी गोरावास, भडंगी, बिसोहा, भूरियावास, बालधन कलां, बेरली खुर्द, दखौरा, गढ़ी, भुरथला, छव्वा, डहीना, श्यामनगर और काहड़ी के किसान फसल लेकर मंडी पहुंच सकते हैं।
मेरी फसल मेरा ब्यो रा पर पंजीकरण जरूरी : एसडीएम
कोसली एसडीएम विजय कुमार यादव ने बताया कि किसानों का मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण और ई-खरीद पोर्टल पर वेरिफिकेशन होना जरूरी है। किसान निर्धारित तिथि पर ही फसल लेकर मंडी आएं। उन्होंने बताया कि मंडी में प्रवेश के लिए हुडा ग्राउंड स्थित गेट नंबर 2 और बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 1 का इस्तेमाल किया जाएगा। बाजरा सूखा और साफ होना चाहिए। खरीद का समय सुबह 8 से शाम 6 बजे तक निर्धारित है।
बिना शेड्यूल नहीं कटेगा गेट पास
रेवाड़ी मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र यादव ने बताया कि शेड्यूल में शामिल किसानों को मंडी में फसल लाने से पहले बाजरे का वेरिफिकेशन करवाना होगा। निर्धारित दिन वेरिफिकेशन नहीं होने या किसी अन्य कारण से फसल नहीं बिकने पर किसान 10 अक्तूबर को वेरिफिकेशन करवाकर फसल बेच सकेगा। बिना शेड्यूल के किसी किसान का गेट पास जारी नहीं किया जाएगा।