बस स्टैंड परिसर में धरने पर बैठे यूनियन के पदाधिकारी। स्रोत : यूनियन
- फोटो : 1
रेवाड़ी। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा ने कर्मचारियों के देय भत्तों और अन्य भुगतान समय से नहीं करने पर सरकार और विभागीय अधिकारियों के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है। समय से भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार को रोडवेज कर्मचारियों ने बस स्टैंड परिसर में धरना दिया।
यूनियन के नेताओं ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों द्वारा पूर्व में सभी महाप्रबंधकों को कर्मचारियों के देय भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कई स्थानों पर आदेशों की पालना नहीं हो रही है।
कभी बजट की कमी तो कभी अन्य प्रशासनिक कारण बताकर भुगतान में देरी की जा रही है। यूनियन ने कहा कि समय पर भत्ते नहीं मिलने से कर्मचारियों को परिवार चलाने और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द लंबित भुगतान जारी करे और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
यूनियन के अनुसार मांगें पूरी नहीं होने पर 5 जून से विभिन्न मंडलों में विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। प्रदर्शन हिसार, अंबाला, गुरुग्राम, रोहतक, करनाल और फरीदाबाद में आयोजित होंगे। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 25 जुलाई को परिवहन मंत्री आवास पर प्रदर्शन और न्याय मार्च निकाला जाएगा।
यूनियन नेताओं ने कहा कि आंदोलन के कारण आमजन को होने वाली असुविधा और आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी सरकार और विभागीय प्रशासन की होगी।