धारूहेड़ा। ग्राम पंचायत आकेड़ा में बुधवार को नारायण विहार कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के समीप सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीणों ने इस पर खुशी जताई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी ने गांव के विकास कार्यों के प्रति उत्साह और सहभागिता का परिचय दिया।
शुभारंभ समारोह में जिला प्रमुख मनोज यादव, उप जिला प्रमुख नीलम अनिल रायपुर तथा जिला पार्षद सुनीता रणधीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
ग्राम पंचायत आकेड़ा के सरपंच अशोक कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की निगरानी करने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष गांव की अन्य आवश्यकताओं और विकास संबंधी मांगों को भी रखा। समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, महिलाओं, युवाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।