शहर की सड़कों पर दौड़ते बेलगाम डंपर।
- फोटो : Amar Ujala
शहर में बेलगाम दौड़ते डंपर लोगों की जान पर आफत बन गए हैं। शुक्रवार को शहर के राव तुलाराम स्टेडियम के सामने एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार बुआ व भतीजे को कुचल दिया, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया लेकिन कुछ ही दूरी पर लोगों की मदद से डंपर चालक को काबू कर लिया गया।
जांच अधिकारी गोविंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को 35 वर्षीय निशा 14 वर्ष के भतीजे हितेन व बेटी के साथ स्कूटी पर सवार होकर राव तुलाराम स्टेडियम के पास से गुजर रही थी, इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी टक्कर में निशा व हितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों को एंबुलेंस की मदद से शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। यहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वही निशा की बेटी को कोई चोट नहीं आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।