रामपुरा थाना क्षेत्र में मोहल्ला कुतुबपुर में युवकों द्वारा मंथली न देने पर दुकानदार से मारपीट कर नकदी छीनने का मामला सामने आया है।
यहीं नहीं दुकानदार ने उक्त युवकों पर दुकान में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला सरस्वती विहार निवासी गौरव ने बताया कि उसने करीब एक सप्ताह पहले कुतुबपुर में दुकान खोली है। शुक्रवार रात दुकान से कुछ दूरी पर ही रहने वाले चार-पांच युवक पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दुकान खोलने के एवज में उससे हर महीने 10 हजार रुपये की डिमांड की। गौरव ने इससे मना किया तो सभी ने मिलकर उसे पीटा और जेब से हजारों की नकदी भी निकाल ली। यही नहीं आरोपियों ने दुकान मेें तोड़फोड़ भी की और फरार हो गए। सूचना पर रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का उपचार कराया। वहीं शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी है।