जीत हासिल करने पर खुशी जाहिर करते खिलाड़ी। स्रोत : कोच
रेवाड़ी। दिल्ली-एनसीआर में आयोजित ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में रेवाड़ी के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक जीते। गुरुग्राम में आयोजित रेजांगला शूटिंग चैंपियनशिप और फरीदाबाद में आयोजित एम शूटिंग चैंपियनशिप में करीब 1200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें सेक्टर-4 स्थित राव शूटिंग अकादमी के निशानेबाजों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
अकादमी के 10 वर्षीय निशानेबाज दिव्यांशु यादव ने दोनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने 200 में से 198 का स्कोर करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्हें गुरुग्राम प्रतियोगिता में 3 हजार रुपये और फरीदाबाद प्रतियोगिता में 3100 रुपये की नकद राशि व ट्रॉफी प्रदान की गई।
फरीदाबाद में आयोजित प्रतियोगिता में काशवी शर्मा ने 200 में से 195 का स्कोर कर कांस्य पदक जीता। उन्हें 1100 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी भी मिली। 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ईशा ने 410 का स्कोर करके स्वर्ण पदक हासिल किया।
वहीं, चहक यादव ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में रजत पदक जीता। वंशिका ने 10 मीटर एयर पिस्टल सब-यूथ महिला वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। हिमानी ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप-8 फाइनल में जगह बनाई लेकिन पदक जीतने से चूक गईं।
सभी निशानेबाज अंतरराष्ट्रीय कोच रमन राव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। रमन राव ने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से अकादमी को खेल नर्सरी दी गई है, जहां खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनके अनुसार, अकादमी के तीन खिलाड़ी एशिया स्तर पर और 21 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके हैं।