रेवाड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-71 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दुर्घटना गांव बांबड़ के पास की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एचसी गिरधारी लाल ने बताया कि जिला अलवर के गांव छोटी कारोली निवासी मनोज कुमार (22) रेवाड़ी में एक शादी समारोह में शरीक होने के लिए मोटरसाइकिल पर आया था। शुक्रवार रात वह वापस अपने गांव जा रहा था। वह एनएच-71 पर गांव बांबड के निकट पहुंचा था कि अज्ञात वाहन ने मनोज कुमार को टक्कर मारकर घायल कर दिया। सूचना मिलने के बाद गढ़ी-बोलनी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा मृतक के चचेरे भाई नरेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।