रेवाड़ी में दो अलग-अलग रेलवे रूट पर चलती ट्रेनों से गिरने के चलते एक युवक और अधेड़ की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। जिसके बाद जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मोर्चरी में रखवाने के बाद शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिये हैं।
दिल्ली से चलकर बीकानेर को जाने वाली ट्रेन से गिरकर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। जांचकर्ता जीआरपी एएसआई बृजेश कुमार ने बताया कि दिल्ली से आ रही ट्रेन से डोहकी डाबड़ी स्टेशन के नजदीक एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया था। हादसे में ट्रेन के नीचे आने के कारण कटकर मौत हो गई। मृतक के शरीर पर सफेद लाइनदार गोल गले की टीशर्ट और काली पैंट थी। मृतक के पास शिनाख्त हेतु कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं।
चंडीगढ़ बान्द्रा एक्सप्रेस से गिरा अधेड़, दम तोड़ा
वहीं बुधवार को चंडीगढ़ बान्द्रा एक्सप्रेस से लगभग 45 वर्षीय व्यक्ति कुंड-काठुवास के बीच चलती ट्रेन से गिर गया था। गंभीर रूप से घायल को तुरन्त एम्बुलेंस से रेवाडी ट्रामा सेंटर लाया गया। कुंड स्टेशन मास्टर संजीव कुमार द्वारा जीआरपी को सुचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसआई नरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल के अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शरीर पर नीली-लाल धारीदार सफेद रेडीमेड शर्ट और पैरों में डोरी से बंधा मटमैले रंग का पैंट और हुलिया देखते हुए मृतक मानसिक रूप से कमजोर माना जा रहा है।