जाटूसाना पंचायत समिति की प्रधान और उप प्रधान के हुए चुनाव में भी बाजी भाजपा ने ही मार ली है। यहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह समर्थक माने जाने वाली रूबी यादव को प्रधान और मनीषा को उप प्रधान वोटिंग के जरिए चुना गया। चुनावी प्रक्रिया में समिति के सभी 26 पार्षदों ने भाग लिया।
प्रधान पद के लिए वार्ड नंबर-9 से भाजपा समर्थित रूबी यादव और व इनेलो-कांग्रेस समर्थित वार्ड नंबर-दो से रामपाल ने अपना पर्चा भरा। इसके बाद ईवीएम से वोटिंग हुई तो रूबी को 17 और रामपाल को नौ वोट मिले। आरओ ने रूबी को प्रधान घोषित किया। इसी प्रकार उप प्रधान के लिए वार्ड नंबर-8 से नरेश कुमार, वार्ड नंबर-11 से रोशनी देवी और वार्ड नंबर-21 से मुनेष देवी ने पर्चा भरा। इनकी वोटिंग भी ईवीएम से हुई। भाजपा समर्थित मनीषा देवी को 17 वोट मिले और उसे विजेता घोषित किया गया। जबकि रोशनी को एक व नरेश कुमार को आठ वोट मिले। दोनो पदों पर चुनाव होने के बाद पहुंचे कोसली विधायक एवं सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा की जीत राव इंद्रजीत व लक्ष्मण यादव के प्रयासों से हुई है। उन्होंने कहा कि शांति पूर्वक चुनाव करवाने के लिए प्रशासन धन्यवाद का पात्र है। भाजपा समर्थित प्रधान व उप प्रधान बनने से क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी। यहां बता दें कि सुबह से ही चुनाव को लेकर चहल-पहल शुरू हो गई थी। ठीक दस बजे चुनाव अधिकारी डीआरओ पीडी शर्मा जाटूसाना ब्लाक कार्यालय पहुंचे।
ऐन मौके पर पांच सदस्यों ने बदला पाला
जाटूसाना ब्लॉक में भाजपा समर्थित को प्रधान बनाने की जिम्मेदार सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्ष्मण सिंह यादव की थी। इन्होंने 22 सदस्यों को अपने पक्ष में कर भी लिया और निश्चिंत भी हो गए। 22 सदस्यों को एक साथ बस में लेकर लक्ष्मण यादव पंचायत समिति कार्यालय पहुंचे। लेकिन जब वोटिंग हुई तो भाजपा समर्थित को 17 वोट मिले और वह जीत भी गई लेकिन बड़ा सवाल यह है कि 22 में से पांच सदस्यों ने ऐन मौके पर पाला बदल लिया। इनेलो के पक्ष में नौ वोट गए। ऐसे में अब भाजपा इसकी गहराई से छानबीन में जुट गई है कि आखिर 22 में से पांच ऐसे कौन से सदस्य हैं, जिन्होंने पाला बदला।
क्या कहना है प्रधान का
जाटूसाना कि पंचायत समिति प्रधान चुनी गई रूबी यादव ने कहा कि वह इस जीत का श्रेय केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, सहकारिता राज्य मंत्री बिक्रम सिंह यादव व पार्टी नेता लक्ष्मण यादव को देती हैं। उनके प्रयासों से ही वह प्रधान बनी है। उनका कहना है कि वह विकास के लिए अपनी तरफ से पूरा प्रयास करेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए कोई परेशानी नहीं होगी।
क्या कहना है उप प्रधान मनीषा देवी का
उप प्रधानी बनी मनीषा देवी ने भी दोनों मंत्रियों के साथ लक्ष्मण यादव को जीत का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि इनके दिशा-निर्देश पर ही उन्हें चुना गया है। इसलिए वे उनकी आभारी रहेंगी। वह बेटियों के लिए काम करेगी। विकास में कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
क्या कहना है चुनाव अधिकारी का
आरओ एवं डीआरओ पीडी शर्मा ने कहा कि जाटूसाना ब्लॉक समिति की प्रधान रूबी यादव व उप प्रधान मनीषा यादव को चुना गया है। चुनाव शांतिपूर्ण हुए हैं। सभी 26 सदस्य मौजूद थे।
अब तक राव इंद्रजीत सिंह खेमे का पलड़ा भारी
भले ही जिला परिषद की चेयरपर्सन को लेकर भाजपा संगठन व कैबिनेट मंत्री राव नरबीर खेमे की केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के बीच खींचतान चल रही हो लेकिन अब तक तीन ब्लॉकों में प्रधानगी के लिए हुए चुनाव में बाजी राव इंद्रजीत सिंह ने मार ली है। खोल, नाहड़ और अब जाटूसाना में अपने समर्थक को प्रधान व उप प्रधान बनाने में सफल रहे हैं। जाटूसाना में चुनाव होने पर भी वह आगे रहे। बुधवार को अब चुनाव बावल में होने हैं। यहां भी पलड़ा उनके खेमे का ही भारी है। हालांकि अभी रेवाड़ी ब्लॉक में पहली मीटिंग में चुनाव न होने पर अभी दूसरी मीटिंग का समय तय नहीं हुआ है।