रेवाड़ी के खोल में नारनौल रोड पर नांधा मोड़ पर गश्त कर रही पुलिस पीसीआर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में घायल को रोहतक पीजीआई रेफर करने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार धारूहेड़ा के न्यू बस स्टैंड निवासी राहुल(35) व उसका साथी रवींद्र दोपहर के समय बाइक पर सवार होकर किसी काम से नारनौल की ओर जा रहे थे। अभी वे नांधा मोड़ पर ही पहुंचे थे कि सामने से गश्त करते हुए आ रही पुलिस पीसीआर से टकरा गए । दोनों घायलों को आनन-फानन में रेवाड़ी के ट्रामा सेंटर उपचार के लिए लाया गया। जहां राहुल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल रवींद्र को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची खोल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। वहीं घायल को भी नाजुक हालत के चलते पीजीआई रेफर किया है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
-यशवंत सिंह, चौकी प्रभारी, कुंड चौकी