रेवाड़ी में विधायक रणधीर सिंह कापडीवास ने शनिवार को नागरिक अस्पताल का दौरा कर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में सफाई एवं सुरक्षा के मुद्दे पर अधिकारियों के साथ बैठक के बाद विधायक ने कहा कि अस्पताल में स्टॉफ की कमी है, लेकिन सफाई एवं सुरक्षा मे कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। अस्पताल में इन दोनों व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए विधायक ने मौके पर ही प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से भी बात की। जिस पर विधायक ने कहा कि जल्द ही अस्पताल में डेपुटेशन एवं डीसी रेट पर कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने शनिवार को प्रकाशित अंक में रात के समय अस्पताल में सफाई एवं सुरक्षा की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसमें पाया गया था कि रात के समय अस्पताल में चारों तरफ गंदगी फैली पड़ी थी, वहीं सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं थे।
मरीजों के तिमारदारों के लिए बनेंगे कार्ड, सफाई के लिए लगे डस्टबिन
अमर उजाला में अस्तपाल में बदहाली की खबर प्रकाशित होने के बाद नागरिक अस्पताल हरकत में आया तथा अस्पताल में कें अंदर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए डस्टबिन लगवा दिए। वहीं मरीजों की सुरक्षा एवं अस्पताल में भीड़ पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए अस्पताल प्रशासन तीमारदारों अर्थात मरीजों के साथ आने वाले लोगों के लिए कार्ड जारी करने का निर्देश जारी किया गया। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीज के साथ अब एक व्यक्ति ही अंदर आ सकेगा।
400 से बढक़र ओपीडी हुई 2400
विधायक रणधीर सिंह कापडीवास ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य लोगों को अच्छा उपचार देने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय अस्पताल में महज 400 की ओपीडी होती थी, लेकिन सरकार एवं डॉक्टरों के प्रयासों के चलते यह संख्या 2400 पहुंच गई है।
बच्चे के उपचार के लिए पिता ने लगाई विधायक से गुहार
अस्पताल में पहुंचे विधायक मरीजों से भी मिले। इस दौरान संगवाड़ी से आए संजीव ने विधायक से गुहार लगाते हुए कहा कि वह शुक्रवार रात दस बजे दस वर्षीय बेटी नीकिता को लेकर आया था, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण उनकी बेटी तेज बुखार के बावजूद पूरी रात तड़पती रही, लेकिन किसी ने भर्ती नहीं किया। मौके पर मौजूद सीएमओ पुष्पा बिश्रोई एवं एसएमओ सुदर्शन पंवार ने आनन-फानन में बच्ची को भर्ती करने का आदेश दिया। विधायक ने भी डाक्टरों को संवेदनशीलता दिखाने की सलाह दी।
अल्ट्रॉसाउंड में तारीख पे तारीख
जाडरा निवासी ओमप्रकाश ने विधायक से गुहार लगाते हुए कहा कि विधायक साहब एक तारीख से अल्ट्रासाउंड के लिए तारीख पर तारीख मिल रही है,लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यहां के कर्मचारी भी उनसे दुर्व्यवहार करने से भी नहीं चुकते, इस पर विधायक ने सीएमओ को मामले को देखने के निर्देश दिए।
नई बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे सीएम
संसाधानों की कमी के सवाल पर विधायक ने कहा कि सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री से इस संबंध में बात की गई है। नई बिल्डिंग के उद्घाटन के लिए सीएम से 15 जुलाई का समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि सहारनवास में उप स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, खरखड़ा कॉलेज सहित राजकीय कॉलेज के हॉस्टल एवं आईटीआई के उद्घाटन की बात चल रही है। कोशिश यही है कि पंद्रह को इनका उद्घाटन करवाया जाएगा।