रेवाड़ी में बैंकों और एटीएम में कैश की कमी को लेकर अब उपभोक्ताओं को घंटों तक कतार में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। शनिवार को शहर से लेकर गांव तक सभी बैंक शाखाओं में कैश की भारी परेशानी रही। 15 नवंबर से पीएनबी, एसबीआई और अन्य प्रमुख बैंकों की शाखाओं में कैश की परेशानी चल रही है। हालांकि एसबीआई की ब्रांच में रुक रुककर कैश जरूर आ रहा है लेकिन इससे सभी उपभोक्ताओं को पैसा नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को सर्कुलर रोड स्थित पीएनबी की मुख्य शाखा में एक बजे ही कैश खत्म हो गया था। इसके बाद लाइन में पैसे निकलवाने के लिए खड़े रहे लोगों को लौटना पड़ा। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों की बैंक शाखाओं स्थिति और भी खराब रही। यहां अधिकतर बैंकों में बैंक कर्मियों ने सुबह ही कैश नहीं होने का नोटिस लगा दिया था।
12 बजे तक रहे बैंकों के शटर डाउन
शहरभर की बैंक शाखाओं में कैश नहीं पहुंचने से काम भी देरी से शुरू हुआ। पैसा निकलवाने के लिए बैंकों के बाहर सुबह नौ बजे से ही लाइन लग गई थी, जबकि दोपहर 12 बजे तक लगभग बैंकों के शटर डाउन थे। उपभोक्ताओं को बैंक के अंदर नहीं जाने देने से कई बैंककर्मियों को लोगों की बीच गहमागहमी भी हुई। एक्सिस बैंक में अधिक भीड़ के चलते चेक ड्राप करने वाले और वरिष्ठ नागरिकों को अंदर घुसने का मौका ही नहीं मिल पाया। वहीं बैंक में पुलिसकर्मी और लोगों के बीच गाली-गलौच भी हुआ।
कैश आते ही खत्म
सभी बैंकों को दिल्ली-चंडीगढ़ से कैश मंगवाना होता है। बहरहाल बैंकों में निकासी वाले अधिक हैं। ऐसे में बैंककर्मियों के समक्ष भी कैश को लेकर बड़ी चुनौती है। गांव हांसाका स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा में दो दिन पहले तक बिल्कुल भी कैश नहीं था। शनिवार को केवल चार लाख रुपये कैश आया था। वह भी दोपहर डेढ़ बजे तक समाप्त हो गया था। इसी कड़ी में मीरपुर की पीएनबी शाखा में कैश नहीं होने से न नोट एक्सचेंज हो रहे और ना ही पेंशन मिल रही है।