रेवाड़ी में शुक्रवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बैंककर्मी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते राष्ट्रीयकृत बैंकों में कोई लेन-देन भी नहीं हुई। इस कारण से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी। हड़ताल के कारण जिलेभर में 80 से अधिक बैंक शाखाएं बंद रही।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले विभिन्न बैंक शखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरकुलर रोड स्थित मुख्य शाखा के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। जरूरी लेनदेन करने वाले बैंक उपभोक्ताओं दिन भर परेशानी रही। इसी के चलते बैंकों में अनुमानित बीस करोड़ से अधिक की ट्रांजेक्शन प्रभावित रही। वहीं प्रदर्शन करने वाले बैंककर्मियों ने कहा कि सरकार श्रम नियमों में बदलाव कर रही है, जो सरासर कर्मचारी विरोधी हैं। बैंक कर्मचारियों की पेंशन में भी केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर बढ़ोतरी की जाए, ताकि इसका लाभ बैंक कर्मियों को मिल सके। वहीं कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि सरकार यदि कर्मचारियों के मुद्दों व मांगों पर गंभीरता से काम नहीं करती है, तो 2 सितंबर को फिर से हड़ताल की जाएगी। इस अवसर पर सतबीर सिंह चौहान, शाखा प्रबंधक नरेश चहल, आरके शर्मा, अश्विनी शर्मा, सीबी वर्मा, तारासिंह, खजान सिंह, अशोक नरूला अविनाश यादव, केके जैन आदि मौजूद थे।
निराश होकर लौटे उपभोक्ता
कोसली। कोसली में हड़ताल के बैंकों में काम से आए लोगों को बिना काम कराए वापस लौटना पड़ा। हालांकि कुछ बैंकों में कर्मचारी मौजूद रहे परंतु ग्राहकों का कामकाज नहीं किया गया। उधर बैंक कर्मियों ने एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।