शहीद योगेश को सलामी देते पुलिस के जवान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के रेवाड़ी जिला के खंड जाटूसाना के गांव रामपुरी से सेना के राजपूताना राइफल्स में तैनात जवान योगेश कुमार (25) का मंगलवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन की ओर से एसडीएम होशियार सिंह शहीद की अंत्येष्टि में शामिल हुए। साथ ही उन्हें सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी। योगेश कुमार 5 नवंबर को देश की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हो गए थे।
शहीद योगेश कुमार का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह उनके पैतृक गांव रामपुरी लगाया गया, जहां सैनिक सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल थे। सेना में भर्ती होने की तैयारी करने वाले क्षेत्र के सैकड़ों नवयुवक भी शहीद योगेश कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल हुए, जो रास्ते भर शहीद योगेश कुमार अमर रहें के गगन भेदी नारे लगाते रहे।
अंतिम संस्कार से पहले हरियाणा पुलिस के जवानों की टुकड़ी ने शहीद योगेश कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। शहीद योगेश कुमार अपने पीछे पिता सुरेंद्र पाल, माता सुनील देवी, भाई अवदेश, धर्मपत्नी शारदा व एक बेटा मनित सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए है।