रेवाड़ी। महाराष्ट्र के संभाजी नगर (औरंगाबाद) में आयोजित 69वें स्कूल नेशनल गेम्स की फेंसिंग प्रतियोगिता में रेवाड़ी फेंसिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग के मुकाबले 22 से 25 दिसंबर व अंडर-17 वर्ग के मुकाबले 28 से 31 दिसंबर तक आयोजित किए गए।
कोच राजपाल यादव ने बताया कि अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। देविश ने फॉइल व्यक्तिगत और फॉइल टीम दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
तेजस सैनी ने फॉइल व्यक्तिगत में कांस्य और फॉइल टीम में स्वर्ण पदक जीता। वहीं पीयूष ने एपी व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य और एपी टीम में रजत पदक अपने नाम किया। इस वर्ग में रेवाड़ी के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा।
अंडर-17 वर्ग में भी रेवाड़ी फेंसिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने अपना लोहा मनवाया। विवेक ने फॉइल व्यक्तिगत में स्वर्ण और फॉइल टीम में कांस्य पदक जीता। युवराज सैनी ने फॉइल व्यक्तिगत में रजत और फॉइल टीम में कांस्य पदक प्राप्त किया।
विश्वजीत ने फॉइल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। एपी व्यक्तिगत स्पर्धा में आर्यन यादव ने कांस्य पदक जीता। एपी टीम (बालिका) वर्ग में वाशु शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
एपी टीम (बालक) वर्ग में जितेश ने रजत पदक हासिल किया। रेवाड़ी फेंसिंग सेंटर के खिलाड़ियों ने कुल 6 स्वर्ण, 4 रजत और 6 कांस्य पदक, यानी कुल 16 पदक अपने नाम किए।