रेवाड़ी। भाजपा ने रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका के चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों पर वीरवार को अंतिम मुहर लगा दी है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की पसंद को प्राथमिकता देते हुए रेवाड़ी से पूर्व चेयरपर्सन विनीता पीपल और धारूहेड़ा से निवर्तमान नगर पालिका उपप्रधान अजय जांगड़ा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
अब दोनों सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है। रेवाड़ी में भाजपा उम्मीदवार विनिता पीपल का सीधा मुकाबला कांग्रेस की प्रत्याशी निहारिका से होगा जबकि धारूहेड़ा में अजय जांगड़ा के सामने कांग्रेस की कुमारी राज से होगा।
रेवाड़ी सीट पर टिकट को लेकर पार्टी के भीतर काफी खींचतान देखने को मिली। अंतिम समय तक डॉ. हर्षा निंबल और उषा कांटीवाल संगठन की पसंद के उम्मीदवार के रूप में उभरकर सामने आई थीं। उन्होंने राव इंद्रजीत सिंह समर्थक विनीता पीपल को कड़ी चुनौती दी।
संगठन और नेतृत्व ने विनीता पीपल के नाम पर सहमति बनाई और उन्हें उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि इस बार पार्टी ने स्थानीय समीकरणों के साथ-साथ अनुभव को भी प्राथमिकता दी है।
वहीं धारूहेड़ा में भी टिकट को लेकर मंथन चला लेकिन अंत में अजय जांगड़ा ने बाजी मार ली। अजय जांगड़ा पहले से ही नगर पालिका उपप्रधान के पद पर कार्यरत हैं और स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। दोनों उम्मीदवारों का राव इंद्रजीत सिंह के करीबी होना भी टिकट चयन में अहम फैक्टर माना जा रहा है।
विनिता पीपल