रेवाड़ी। हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले हुई पटौदी ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता में रेवाड़ी ने महेंद्रगढ़ को 36 रनों से हराया।
रेवाड़ी क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य चयनकर्ता और कोच अजीत तोंगड़ ने बताया कि पटौदी ट्रॉफी सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता में डी ग्रुप में रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, पलवल, गुरुग्राम और जिला फरीदाबाद क्रिकेट टीम शामिल हैं। इस ग्रुप का पहला मैच बहादुरगढ़ के बालाजी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया, जिसमें रेवाड़ी की टीम ने महेंद्रगढ़ को 36 रनों से हराया। रेवाड़ी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और निर्धारित 50 ओवरों के मैच में रेवाड़ी की टीम 41.1 ओवरों में 143 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इसमें प्रिंस यादव ने 46 रन, अभिषेक शर्मा ने 35 रन, हिमांशु जाजोरिया ने 20 रन, हितेश रतन यादव ने 7 रनों का योगदान दिया। महेंद्रगढ़ की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशीष और विनय शर्मा ने तीन - तीन और मनीष तंवर और पंकज यादव ने एक-एक विकेट हासिल किए।
महेंद्रगढ़ की टीम ने 144 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतर। पूरी टीम 31 ओवर में 107 रनो पर ऑल आउट हो गई। महेंद्रगढ़ की ओर से बल्लेबाजी करते हुए अभिमन्यु तंवर 40 रन और आशीष ने 22 रनों का योगदान दिया। रेवाड़ी की ओर से गेंदबाजी करते हुए टीम के कप्तान विकास यादव ने 10 ओवरों में 30 रन देकर पांच विकेट और हितेश यादव ने 6 ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट व विशाल यादव और साहिल पंवार ने एक-एक विकेट हासिल किया और कम स्कोर के मैच में अपनी टीम को विजय दिलाई। मैच के रेफरी महिपाल ने विकास यादव और प्रिंस यादव को संयुक्त मैन ऑफ दी मैच घोषित किया। अब रेवाड़ी का अगला मैच 29 तारीख को गुरुग्राम में जिला पलवल की टीम से खेला जाएगा। रेवाड़ी टीम की जीत पर रेवाड़ी क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव राजेश दत्त शर्मा, सह सचिव संदीप यादव, सूबे सिंह, विकास चौधरी ने टीम को शुभकामनाएं दी।