रेवाड़ी। जिले के महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर कक्षाओं की पहली चयन सूची के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग ने संशोधित दाखिला कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत शनिवार से महाविद्यालयों में रिक्त सीटों के लिए काउंसलिंग शुरू होगी। इससे उन विद्यार्थियों को दाखिले का मौका मिलेगा जो पहली सूची में नाम नहीं आने के कारण दाखिला लेने से वंचित रह गए हैं।
विद्यार्थियों को शुक्रवार तक शुल्क जमा करने का समय दिया गया था। अब शनिवार को खाली सीटों के लिए प्रत्यक्ष काउंसलिंग होगी। इसी दिन दाखिला पोर्टल भी दोबारा खोला जाएगा। विद्यार्थी नए आवेदन पंजीकृत कराने के साथ अपने पुराने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। इसके बाद 30 अगस्त से पांच सितंबर तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ प्रत्यक्ष काउंसलिंग के माध्यम से दाखिले होंगे।
यदि इस अवधि के बाद भी सीटें खाली रहती हैं तो छह से 12 सितंबर तक दाखिले का अवसर दिया जाएगा। इस दौरान 100 रुपये विलंब शुल्क के अलावा प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी देना होगा। संशोधित दाखिला कार्यक्रम जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी वित्तपोषित महाविद्यालयों में लागू होगा।
विभाग का उद्देश्य पहली चयन प्रक्रिया के बाद खाली रह गई सीटों को भरना है, ताकि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में सीटें रिक्त न रहें और अधिक से अधिक इच्छुक विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर मिल सके।
पहली सूची 24 अगस्त को हुई जारी
स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए आवेदन की प्रक्रिया 17 जुलाई से 21 अगस्त तक चली थी। विद्यार्थियों को आवेदन में सुधार का अवसर 22 अगस्त तक दिया गया। महाविद्यालयों ने दस्तावेजों की जांच 23 अगस्त तक पूरी की। पहली अस्थायी चयन सूची 23 अगस्त और अंतिम चयन सूची 24 अगस्त को जारी की गई।
वर्जन :
पहली चयन प्रक्रिया के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। शनिवार से महाविद्यालयों में प्रत्यक्ष काउंसलिंग शुरू होगी। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित अवधि में आवेदन कर दाखिला ले सकते हैं। विभाग का प्रयास है कि पात्र विद्यार्थियों को अवसर मिले और स्नातकोत्तर कक्षाओं की सीटें रिक्त न रहें।-डॉ. मनु कुमार, एडमिशन नोडल अधिकारी, राजकीय महाविद्यालय खरखड़ा।