रेवाड़ी रेलवे स्टेशन का दृश्य। संवाद
रेवाड़ी। इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन की तैयारियों को लेकर आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) में बैठक आयोजित की गई। इसमें मापदंड-2 और 7 के तहत आवश्यक दस्तावेज, सूचनाओं और निर्धारित मानकों की तैयारी की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक के पूर्व कुलसचिव और आईजीयू के आईक्यूएसी सलाहकार प्रो. गुलशन तनेजा ने किया। इस दौरान स्थापना शाखा के उप-कुलसचिव डॉ. संजीव कुमार और परिणाम शाखा के सहायक कुलसचिव डॉ. नवीन नागपाल विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
मापदंड-2 शिक्षण-अधिगम एवं मूल्यांकन से संबंधित है। इसकी समन्वयक डॉ. अशोक कुमार ने टीम सदस्य डॉ. जागीर नगर और डॉ. सुनील के साथ विशेषज्ञ से तैयारियों पर चर्चा की। वहीं, संस्थागत मूल्यों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं से जुड़े मापदंड-7 की समन्वयक डॉ. रीना ने टीम सदस्य डॉ. मनजीत शर्मा और डॉ. हेमंत यादव के साथ विचार-विमर्श किया।
बैठक में आईक्यूएसी निदेशक प्रो. विकास बत्रा, नैक के उप-समन्वयक डॉ. ईश्वर शर्मा और आईक्यूएसी की लिपिक प्रियंका भी मौजूद रहीं।