बावल के मोहल्ला जटवाड़ा में जैसे ही मंगलवार को एक युवक को कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई, युवक रात के समय कमरा छोड़कर फरार हो गण। अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से उसकी तलाश की जा रही है। फरार युवक राजस्थान के कोटपुतली का रहने वाला है और दो दिन पहले भी बावल में नौकरी के लिए आया था।
जानकारी के अनुसार युवक दो दिन पहले ही अपने अन्य दो साथियों के साथ बावल में नौकरी के लिए आया था। कंपनी की ओर से नौकरी से पहले तीनों का कोरोना टेस्ट कराने के लिए कहा गया। तीनों युवक जटवाड़ा मोहल्ले में ही एक किराए के कमरे में रह रहे थे। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में तीन में से एक युवक संक्रमित मिला, स्वास्थ्य विभाग ने उसे घर में ही आइसोलेट रहने के लिए कहा। जैसे ही स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार सुबह संक्रमित से मिलने पहुंची तो वह गायब मिला। इसके बाद सूचना पुलिस को भी दी गई। बता दें कि मकान मालिक को भी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम आने के बाद मामले की जानकारी हुई।
पुलिस में कराया जाएगा मुकदमा दर्ज: एसएमओ
बावल सामुदायिक केंद्र के एसएमओ डॉ इंद्रजीत ने कहा कि पुलिस को शिकायत देकर फरार युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस तरह की लापरवाही से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।