रेवाड़ी। शिक्षा विभाग ने 11वीं व 12वीं कक्षा के विज्ञान और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को राहत दी है। शिक्षा निदेशालय के नए फैसले के तहत सत्र 2026-27 से कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी अब शारीरिक शिक्षा विषय को वैकल्पिक रूप में चुन सकेंगे।
अब तक शारीरिक शिक्षा विषय मुख्य रूप से कला संकाय तक ही सीमित था जिसके चलते विज्ञान और वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थी इस विषय से वंचित रह जाते थे। जिले में हरियाणा बोर्ड से मान्यता प्राप्त करीब 150 सरकारी व निजी स्कूल हैं जहां जल्द ही नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है।
ऐसे में विषय चयन के दौरान अब अन्य संकायों के विद्यार्थियों को भी यह विकल्प मिलेगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस निर्णय से विद्यार्थियों के परिणामों में सुधार होगा। अब इस फैसले से करीब 12 हजार विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। शारीरिक शिक्षक संगठनों द्वारा भी लंबे समय से विज्ञान और वाणिज्य संकाय में इस विषय को लागू करने की मांग की जा रही थी।
वर्जन
विज्ञान व वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को शारीरिक शिक्षा विषय का विकल्प देना काफी बेहतर रहेगा। इससे विद्यार्थियों के अंकों में सुधार होगा और वे अपनी रुचि के अनुसार विषय चुन सकेंगे।
-विजेंद्र हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी।