रेवाड़ी। जिले में शनिवार के मुकाबले रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट दर्ज होने से लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। रविवार को जिले का एक्यूआई 276 दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 323 तक पहुंच गया था।
प्रदूषण का स्तर कम होने के बावजूद वातावरण में धूल और प्रदूषित कणों की मौजूदगी लोगों के स्वास्थ्य के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए शहर में धूल नियंत्रण के लिए पानी का छिड़काव शुरू कराया गया है। मुख्य सड़कों और धूल उड़ने वाले स्थानों पर पानी का छिड़काव कर वातावरण में धूल के कणों को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण स्थलों और सड़कों के आसपास उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ने का एक प्रमुख कारण बनी हुई है।
प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित कदम जरूरी
जिले में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए केवल पानी का छिड़काव पर्याप्त नहीं है। सड़कों की नियमित सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय, खुले में कचरा जलाने पर रोक और औद्योगिक इकाइयों की निगरानी भी जरूरी है। प्रदूषण का स्तर 323 से घटकर 276 होने के बावजूद अभी राहत की स्थिति नहीं है। 201-300 एक्यूआई पर लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से अधिकांश लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है। ऐसे में संबंधित विभागों को लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रखनी होगी, ताकि जिले के लोगों को स्वच्छ हवा मिल सके।
सांस से संबंधित रोगी बरतें सावधानी : डॉ. मनीष
फिजिशियन डॉक्टर मनीष कुमार ने बताया कि सुबह और शाम के समय खुले में टहलने व व्यायाम करने से बचें। जरूरी होने पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें। घर की खिड़की-दरवाजे बंद रखें और धूल जमा न होने दें। बाहर से आने के बाद हाथ-मुंह धोएं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को घर से बाहर निकलने में सावधानी रखनी चाहिए। आंखों में जलन, लगातार खांसी, गले में परेशानी या सांस लेने में दिक्कत होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
वर्जन :
प्रदूषण के स्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले में धूल नियंत्रण के लिए नगर परिषद और संबंधित विभागों के माध्यम से सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के उपायों की जांच की जा रही है। खुले में कचरा जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।-निपुण, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण बोर्ड