रेवाड़ी। गांव माजरा क्षेत्र में बनने वाले अखिल आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) प्रोजेक्ट निर्माण कार्य के लिए जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। भू-मालिकों ने सरकार के नाम जमीन की रजिस्ट्री करवाते हुए एम्स के लिए जमीन दी। डीसी अशोक कुमार गर्ग ने कुंड स्थित आईटीआई परिसर में बनाए गए केंद्र पर जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले ग्रामीणों को मिठाई खिलाकर स्वागत किया। सोमवार को सबसे पहली रजिस्ट्री गांव माजरा के बाबूलाल ने कराई। इस दौरान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के उपनिदेशक डॉ. नरेश कुमार ने भू मालिकों को रजिस्ट्री कराने पर बधाई दी। इस मौके पर कुछ छह रजिस्ट्री की गई।
इस अवसर पर डीसी ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू होने से माजरा एम्स निर्माण के पहले चरण की विधिवत शुरुआत हो गई है, जो क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि एम्स निर्माण एक ऐतिहासिक कार्य है, जिसे वर्षों तक याद किया जाएगा। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को उनके घर के समीप ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। जमीन की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीण भी खासे उत्साहित हैं और उन्हें आर्थिक रूप से फायदा होगा।
इस बीच उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने भू-मालिकों को रजिस्ट्री प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी ना आने पाएं, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए और तय समय में रजिस्ट्री कराने की बात दोहराई। उन्होंने बताया कि माजरा एम्स प्रोजेक्ट में जमीन देने वाले किसानों की सुविधा के लिए कुंड आईटीआई परिसर में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की गई है,ताकि इस कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जा सके। इस अवसर पर सीईओ जिला परिषद रविन्द्र यादव, डीआरओ राकेश कुमार, तहसीलदार प्रदीप देशवाल,जितेंद्र ङ्क्षसह यादव,यशवंत प्रधान, विनोद कुमार, मंजीत सिंह, विपिन यादव, दिलबाग सिंह, देसराज सिंह आदि मौजूद रहे।
रजिस्ट्री होने पर ग्रामीणों ने जताई खुशी
सोमवार को प्रशासन की ओर एम्स प्रोजेक्ट के लिए जमीन की रजिस्ट्री प्रक्रिया शुरू होने पर ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। रजिस्ट्री कराने आए भू मालिकों ने विक्टरी का चिह्न बनाकर खुशी प्रकट की। एम्स निर्माण समिति के अध्यक्ष जगदीश चंद्र ने बताया कि एम्स के लिए जमीन देने के लिए प्रक्रिया शुरू होना, इस क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा इस क्षेत्र को एक ऐसी संस्था मिलने जा रही है ,जिससे हर क्षेत्र में विकास देखने को मिलेगा। जमीन प्रक्रिया शुरू होने के बाद निर्माण कार्य भी जल्द शुरू हो,इसके लिए सरकार और जिला प्रशासन का धन्यवाद करते हैं।
सबसे पहले गांव माजरा के बाबूूलाल ने कराई रजिस्ट्री :
एम्स निर्माण के लिए भू मालिकों ने सरकार को जमीन देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सोमवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए गांव माजरा निवासी बाबूलाल ने सबसे पहले जमीन की रजिस्ट्री कराई। वहीं बाद में गिरधारी और महाबीर ने कार्य की शुरूआत की। इसके उपरांत ग्रामीणों ने नियमानुसार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में भागीदार बनते हुए रजिस्ट्री कराई।