धारूहेड़ा। कस्बे में भगत सिंह चौक पर रोज लगने वाले जाम की समस्या को लेकर ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं ताकि ट्रैफिक व्यवस्था को सही किया जा सके। ऐसी व्यवस्था को और अधिक सुधारने व चालकों सहित पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए चौक पर जेब्रा क्रॉसिंग भी बनाए जाने के लिए स्थानीय लोगों ने मांग की है।
दरअसल, यहां पर रेड लाइट तो लगा दी गई, मगर जेब्रा क्रॉसिंग नहीं बनाई गई है जिसके अभाव में लोग मनमर्जी व अपनी सुविधानुसार गाड़ियों को लाल बत्ती होने पर बेतरतीब ढंग से खड़ा करते हैं, जिससे इन लाइटों से बनने वाली व्यवस्था गड़बड़ा चुकी है। साथ ही पैदल चलने वाले लोगों जिनमें अधिकतर स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांग व महिलाओं के लिए भी बड़ी परेशानी बनी हुई है। वहीं, इसे लेकर गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश द्वारा डीजीपी हरियाणा पुलिस, डीसी रेवाड़ी, आईईजी ट्रैफिक व एसपी रेवाड़ी को पत्र भेजा है।
चौक पर तोड़ा नियम तो घर पहुंचेगा चालान
दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस ने भगत सिंह चौक पर भी ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। जिला पुलिस व नगरपालिका द्वारा चौक पर ट्रैफिक लाइटों के साथ सीसीटीवी भी लगाएं गए हैं। साथ ही जागरूकता अभियान चला कर नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया जा रहा है। अगर कोई वाहन चालक ट्रैफिक रूल तोड़ते हैं, तो उनका चालान कटेगा। भगत सिंह चौक पर बिना हेलमेट के बाइक या फिर बिना सीट बेल्ट के कार चलाने, ट्रैफिक लाइट को जम्प करने सहित ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के पोस्टल चालान उनके पते पर भेज दिए जाएंगे। इसके लिए चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग भी बढ़ा दी गई है।
अभी कुछ दिनों पहले ही ट्रैफिक लाइट की व्यवस्था करवाई गई है। अन्य परेशानियां है तो उसे भी दूर किया जाएगा।
-कंवर सिंह, चेयरमैन, नगर पालिका धारूहेड़ा