रेवाड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के निधन के बाद उनकी स्मृतियां ताजी हो गई हैं। उनसे जुड़े हुए लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अतीत में उनके सानिध्य को याद किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला शहीद राव तुलाराम को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 23 सितंबर 1999 को पार्क में आए थे। शहीदों को नमन कार्यक्रम में आदर्श गांव मूसेपुर की तरफ से कारगिल संघर्ष के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में 15015 रुपये का चेक नेताजी सुभाष चंद्र बोस समिति मूसेपुर के संस्थापक एवं संचालक रविंद्र आशावादी मूसेपुरिया ने भेंट किया था। आशावादी ने कहा कि चौटाला ने प्रदेश एवं समाज की जीवनभर सेवा की। उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है।
इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता राजवंत डहीनवाल ने बताया कि इसी वर्ष ओमप्रकाश चौटाला रेवाड़ी आए थे और कार्यकर्ताओं से मिले थे। वह कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव से पहले ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा था। बताया कि रेवाड़ी में नए न्यायालय और चेंबर का उद्घाटन ओमप्रकाश चौटाला ने ही किया था। उनके कार्यकाल में ही लघु सचिवालय बनाया गया था। उन्होंने कई चौक चौराहों का भी निर्माण करवाया था। नाई वाली पुल का भी निर्माण उनके ही कार्यकाल में हुआ था।