कांग्रेस का दामन थामते रवि मसीत। स्रोत : प्रवक्ता
रेवाड़ी। छात्र एवं युवा राजनीति में पिछले 13 वर्षों से सक्रिय युवा नेता रवि मसीत ने इनसो से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आस्था जताते हुए कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। उनके साथ इनसो के पूर्व जिला अध्यक्ष युगल यादव सहित सैकड़ों युवाओं ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
रवि मसीत वर्ष 2017 से 2023 तक विश्वविद्यालय अध्यक्ष के रूप में इनसो में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की समस्याओं और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया तथा संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाई। वर्ष 2023 से वे इनसो हरियाणा के स्टेट इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे
कांग्रेस में शामिल होने के बाद रवि मसीत ने एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ से मुलाकात की। इस दौरान छात्र राजनीति, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर अंबाला सांसद वरुण चौधरी भी मौजूद रहे।
रवि मसीत ने कहा कि पिछले 13 वर्षों से उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं की आवाज उठाने का प्रयास किया है। अब कांग्रेस के मंच से इस संघर्ष को और व्यापक रूप से आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, पारदर्शी भर्ती और बेहतर भविष्य युवाओं के प्रमुख मुद्दे हैं, जिन्हें मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।