जन्मदिन के अवसर पर रामपुरा हाउस में समर्थकों को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। गुरुग्राम-रेवाड़ी लोकसभा से सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने वीरवार को जन्मदिन पर अपनी ताकत भी दिखाई। लोगों के सीएम बनने के नारों के बीच केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीएम बनूं या नहीं, लेकिन आप लोगों ने मुझे नेता जरूर बना दिया। प्रदेश में कई सीएम बने हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें झाड़ू लगा दी। कार्यकर्ता हर हालात में मेरे साथ खड़े रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी व ऊपर वाला जो चाहेगा वह होगा, लेकिन राव इंद्रजीत वो करेगा जो आप चाहोगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 40 साल के राजनीतिक करियर में उन्होंने विधायक, सांसद, प्रदेश व केंद्र सरकार में मंत्री बनकर काम किया है। अब आगे का राजनीतिक जीवन पूरी तरह कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित है। राव ने कहा कि कई बार राजनेताओं से लड़ाई मोल ली, लेकिन कार्यकर्ता हमेशा रीढ़ की हड्डी तरह साथ खड़े रहे। बता दें कि रामपुरा हाउस में आयोजित जन्मदिवस कार्यक्रम में गुरुग्राम से लेकर महेंद्रगढ़ व दिल्ली सहित प्रदेेश से कई नेता पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश सरकार में एक कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल, राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव, अटेली से विधायक सीताराम व कोसली से विधायक लक्ष्मण यादव भी राव के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरपर्सन पूनम यादव, जिला प्रमुख शशिबाला, बावल ब्लॉक समिति चेयरमैन बीरेंद्र छिल्लर, नगर पार्षद के पति सजन पहलवान, पार्षद विजय राव, पार्षद नीरज, जिला पार्षद आजाद नांधा व अजय पाटौदा, ब्लॉक समिति सदस्य विजय बांबड़ व सैनी सभा के पूर्व प्रधान चेतराम सैनी आदि मौजूद रहे।