संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कोसली, धारूहेड़ा, नेहरूगढ़, बावल और मनेठी क्षेत्र के राजीव गांधी खेल स्टेडियम की बदहाली खिलाड़ियों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। स्टेडियम में जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्टेडियम की चहारदीवारी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण खेल मैदान ऊबड़-खाबड़ हो गया है। ऐसे में दौड़ और अन्य खेलों का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को हर समय चोट लगने का खतरा बना रहता है। खिलाड़ियों का कहना है कि अच्छी खेल सुविधाओं के अभाव में उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है।
स्टेडियम में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और पर्याप्त रोशनी आदि सुविधाओं का भी अभाव है। शाम को प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से खिलाड़ी नियमित अभ्यास नहीं कर पाते। वहीं बरसात के दिनों में मैदान में पानी भर जाता है, जिससे कई दिनों तक खेल गतिविधियां पूरी तरह ठप हो जाती हैं।
स्थानीय खिलाड़ी कर्मबीर, अजीत और राकेश आदि ने बताया कि यदि जल्द ही स्टेडियम की स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नुकसान उठाना पड़ेगा। यदि स्टेडियम में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और नियमित रखरखाव किया जाए तो यहां के खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
खिलाड़ियों ने मांग की है कि स्टेडियम की चहारदीवारी की मरम्मत कराई जाए।मैदान को समतल किया जाए और पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश की व्यवस्था जल्द कराई जाए। उनका कहना है कि समय रहते सुधार कार्य होने से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल वातावरण मिलेगा और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जिला खेल अधिकारी मनोज ने बताया कि खेल स्टेडियमों के मरम्मत को लेकर एस्टीमेट बनाकर भेजा गया था, जल्द कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।