रेवाड़ी/धारूहेड़ा। जिले में मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुक बारिश होती रही। रेवाड़ी शहर, बावल, धारूहेड़ा क्षेत्र में एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या गंभीर हो गई। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) की मुख्य सड़क और सर्विस लेन सहित शहर के कई प्रमुख मार्ग घंटों पानी में डूबे रहे। जलभराव के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में नंदरामपुर बास रोड, संतोष कॉलोनी रोड, भिवाड़ी रोड, नगर पालिका कार्यालय के सामने का क्षेत्र, सेक्टर-4 और सेक्टर-6 शामिल रहे। कई स्थानों पर सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया। इससे यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवागमन में कठिनाई हुई।
रेवाड़ी शहर में सर्कुलर रोड, बावल मार्ग, भाड़ावास मार्ग, रेलवे रोड व अन्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड पर बिजली बोर्ड कार्यालय के पास बने नाले पूरी तरह जाम मिले। नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता रहा। वहीं नगर पालिका कार्यालय परिसर के अंदर भी जलभराव रहा। इससे नगर पालिका की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे। हर वर्ष बारिश के दौरान यही हालात बनते हैं लेकिन स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। इस बार भी हालात में कोई सुधार नजर नहीं आया।
उधर, धारूहेड़ा-भिवाड़ी बाईपास पर जमा पानी लगातार ओवरफ्लो होकर धारूहेड़ा की ओर बह रहा है। इससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ गई है। यदि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आगामी बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों ठप रही बिजली आपूर्ति
बारिश के साथ ही धारूहेड़ा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। बारिश शुरू होते ही कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे घंटों बाद भी बहाल नहीं किया जा सका। इससे लोगों को गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गांव खरखड़ा निवासी प्रदीप ने बताया कि सुबह बारिश के दौरान बिजली चली गई थी लेकिन दोपहर बाद तक भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे। इससे लोगों काे दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने निगम से बारिश के मौसम में फॉल्ट दूर करने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती तथा आपूर्ति जल्द बहाल करने की व्यवस्था करने की मांग की है।
-
क्षेत्रवार वर्षा (20 जुलाई सुबह 8 बजे से 21 जुलाई तक):
रेवाड़ी – 12 मिमी
मनेठी – 8 मिमी
पाल्हावास – 10 मिमी
धारूहेड़ा – 15 मिमी
डहीना– 6 मिमी
बावल – 10 मिमी
कोसली – 9 मिमी
नाहड़ – 8 मिमी
धारूहेड़ा नगरपालिका कार्यालय के सामने सड़क पर जलभराव में फंसा वाहन। संवाद
धारूहेड़ा नगरपालिका कार्यालय के सामने सड़क पर जलभराव में फंसा वाहन। संवाद
धारूहेड़ा नगरपालिका कार्यालय के सामने सड़क पर जलभराव में फंसा वाहन। संवाद