रेवाड़ी। भाड़ावास फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन हुए 10 दिन हो चुके हैं, मगर अभी तक अंडरपास बनकर तैयार नहीं हो पाया है।
अंडरपास की दोनों तरफ दीवारें खड़ी कर दी गई हैं और अंडरपास के आसपास जो मिट्टी जमी हुई थी उसे भी क्रेन के माध्यम से खोद कर बाहर निकाला जा चुका है। अगले माह तक अंडरपास शुरू होने की संभावना है। अब मानसून भी आने वाला है।
समय रहते कार्य पूरा नहीं किया गया तो काफी समस्या हो सकती है, क्योंकि अंडरपास के आसपास जिस क्षेत्र को खोदा गया है बारिश के दौरान आसपास का पूरा पानी वहीं पर आकर जमा हो जाता है। पानी को निकालने के लिए बाद में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई दिन पानी को निकालने में लग जाते हैं।
ऐसे में अब यही कोशिश की जा रही है कि अंडरपास का कार्य जल्दी खत्म करके इसे आवाजाही के लिए सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाए। रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनाने के लिए गड्ढा पहले ही खोदा चुका है। अब नीचे से सड़क तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
लंबे इंतजार के बाद भाड़ावास फ्लाईओवर पर (आरओबी) का उद्घाटन 15 जून को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया था। आरओबी बनाने पर करीब 37. 23 करोड़ रुपये की लागत आई है। हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम लिमिटेड (एचएसआरडीसी) की ओर से दिसंबर 2021 में काम शुरू किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट की डेडलाइन जून-2023 थी, मगर काम देरी से शुरू होने के चलते और देरी होती गई। फिर इसकी डेडलाइन सितंबर 2024 बताई जा रही थी लेकिन इस अवधि में काम पूरा नहीं हुआ था।
अंडरपास खुलने से कारोबार में आएगी तेजी:
मौजूदा समय में अंडरपास के आसपास दुकानदारी बुरी तरह से चौपट हो चुकी है। कई दुकानदार यहां से पलायन कर चुके हैं। अगर अंडरपास तैयार हो जाता है तो उम्मीद है कि दुकानदार फिर से यहां पर अपने कारोबार के लिए आ सकते हैं। अभी आसपास कुछ ही दुकानें खुल रही हैं। दुकानदार राजेश, सुनील और विकास ने बताया कि अगर अंडरपास शुरू हो जाता है तो काफी राहत हो जाएगी। लोगों को अभी पटरी पार करके आना जाना पड़ता है। ऐसे में यहां पर ग्राहक बहुत ही कम पहुंचते हैं। अंडरपास शुरू होने के बाद लोग आसानी से आ जा सकेंगे। ग्राहकों की संख्या में भी इजाफा होगा। दुकानदारों ने बताया कि फिलहाल आने वाले दिनों में अंडरपास शुरू होने के बाद काफी फायदा होगा।
सर्विस रोड का कार्य नहीं हुआ शुरू
अभी लोगों को पुल पार करके नीचे से कॉलोनी में जाना पड़ता है। ओवरब्रिज के आसपास सर्विस रोड की जगह कम होने की वजह से कार निकलना काफी मुश्किल है। बारिश की वजह से आसपास काफी जलभराव हो जाता है। सर्विस रोड बनाने को लेकर अभी प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है। पैमाइश का कार्य पूरा हो चुका है।
ओवरब्रिज के दोनों तरफ आवाजाही शुरू हो चुकी है। अंडरपास का जो हमारे विभाग का कार्य है, वह भी लगभग पूरा हो चुका है।
संजय, एसडीओ, एचएसआरडीसी