फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: तेल चोरी के ठिकाने पर दूसरे दिन भी छापा, 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद

विज्ञापन
कार्रवाई करते पुलिस की टीम। स्रोत : पुलिस
विज्ञापन
रेवाड़ी। जिले में तेल चोरी और ज्वलनशील पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने बावल रोड स्थित गांव गज्जिवास के यूनीक विहार फेज-2 में एक प्लॉट पर छापा मारकर 800 लीटर पेट्रोल और 700 लीटर थिनर बरामद किया। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य की तलाश जारी है। आरोपी गुर्जरीवास निवासी आदेश कुमार है। 24 घंटे के भीतर तेल माफिया के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले सीआईए ने खजूरी क्षेत्र में 2200 लीटर अवैध पेट्रोल और एथेनॉल बरामद किया था।
विज्ञापन


मॉडल टाउन थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गज्जिवास क्षेत्र में तेल टैंकरों से पेट्रोल और ज्वलनशील केमिकल चोरी कर ड्रमों में भरा जाता है। इसके बाद इन्हें राजस्थान में ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार को साथ लेकर संबंधित प्लॉट पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखकर वहां खड़ी पिकअप का चालक भागने लगा लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके अलावा एक पिकअप गाड़ी, आठ खाली ड्रम, तेल निकालने की कीप, ड्रम खोलने की दो चाबियां, सात प्लास्टिक के डिब्बे, खाली कैन और तेल निकालने वाला पाइप भी जब्त किया गया।
विज्ञापन


मुख्य आरोपी समेत कई नाम सामने आए

पूछताछ में आदेश ने इस कारोबार में बिल्लू गुर्जर, दीपांशु, सुधीर, निखिल, कालू और विनय गुर्जर के शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, घनी आबादी के बीच पेट्रोल और ज्वलनशील केमिकल का कथित तौर पर इस तरह भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे पदार्थों के अनुचित भंडारण से आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। पुलिस का कहना है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

अवैध कारोबार या तेल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा: हेमेंद्र कुमार

पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने चेतावनी देते हुए कहा है कि रेवाड़ी जिले की सीमा में आमजन की जान-माल से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध कारोबार या तेल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का यह अभियान लगातार और अधिक तेजी से जारी रहेगा। तेल के इस काले खेल और तस्करी को जड़ से खत्म किया जाएगा। जो भी इसमें संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करते पुलिस की टीम। स्रोत : पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें