संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। देश भर में सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से 19 से 25 नवंबर तक कौमी एकता सप्ताह मनाया जाएगा। डीसी राहुल हुड्डा ने अधिकारियों को लोगों में एकजुटता, आपसी भाईचारे व सांप्रदायिक सद्भाव की भावना जागृत करने के लिए कौमी एकता सप्ताह का आयोजन करने का निर्देश दिया है।
डीसी ने कहा कि यह अवसर एक मौका देता है कि एक बहु सांस्कृतिक समाज में सहिष्णुता, सह-अस्तित्व एवं भाईचारे के मूल्यों की सदियों पुरानी परंपराओं को मजबूत किया जाए। इस सप्ताह का पहला दिन 19 नवंबर राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में, दूसरा दिन 20 नवंबर अल्पसंख्यक कल्याण दिवस, तीसरा दिन 21 नवंबर भाषाई सद्भाव दिवस, चौथा दिन 22 नवंबर कमजोर वर्ग दिवस, पांचवां दिन 23 नवंबर सांस्कृतिक एकता दिवस, 24 नवंबर को झंडा दिवस तथा 25 नवंबर को सांप्रदायिक सद्भाव दिवस के तौर पर मनाया जाएगा।