रेवाड़ी। महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित मदन मोहन मालवीय व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह मनाया गया। समारोह में मुख्यातिथि हरियाणा सरकार के सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बनवारी लाल पहुंचे। समारोह में कोसली से विधायक लक्ष्मण सिंह यादव विशिष्ट अतिथि रहे। एडीसी स्वप्रिल रविंद्र पाटिल ने जिला प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित सभी आगंतुकों का स्वागत किया। इस अवसर पर वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह से सीधा जुड़ाव हुआ जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुशासन दिवस के उद्देश्य व सरकार की जनहितकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की।
अपने आप को अफसर नहीं जनता का सेवक समझें अधिकारी : सहकारिता मंत्री
सहकारिता मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार सबका-साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के मूल मंत्र से प्रेरित होकर आम जन के हित के लिए कार्य कर रही है जिसके माध्यम से गरीबों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्ग के नागरिकों की मदद का भरसक प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी अपने आप को अफसरशाही से दूर रखते हुए अपने आप को जनता का सेवक समझें और उनके काम करें। जिला स्तरीय सुशासन दिवस समारोह में सहकारिता मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग को पेपरलेस करने के मिशन को आगे बढ़ाते हुए सुपरवाइजर्स व आंगनबाड़ी वर्कर्स को स्मार्टफोन वितरित किए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों को दिए सुशासन पुरस्कार
जिलास्तरीय सुशासन दिवस समारोह में सहकारिता मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग रेवाड़ी टीम, जिला नागरिक संसाधन एवं सूचना अधिकारी विभाग रेवाड़ी टीम और पुलिस विभाग की टीम को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय जिलास्तरीय सुशासन पुरस्कार देकर सम्मानित किया।