समाधान शिविर में शिकायत लेकर पहुंचे लोग। स्रोत : प्रशासन
कोसली। एसडीएम विजय कुमार यादव ने लघु सचिवालय परिसर में समाधान शिविर के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कोसली निवासी कालूराम ने शिकायत दी कि उसके मकान में पब्लिक हेल्थ ने तीन कनेक्शन जारी किए हुए हैं जिनमें से एक उसने लिया हुआ है।
बाकी दो कनेक्शन कटवाने के लिए वह विभाग को तीन बार प्रार्थना-पत्र दे चुका है लेकिन अभी तक हटाए नहीं गए। एसडीएम ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई निर्देश दिए।
कोसली निवासी सुभाष चंद्र ने बताया कि उसके घर पर पानी के दो कनेक्शन हैं जिनके बिलों की अदायगी वह नियमित रूप से कर रहा है। पिछले दो-तीन महीने से एक और कनेक्शन का बिल उसे दिया जा रहा है जो उसका नहीं है।
सुभाषचंद्र ने इस बिल को बंद करवाने का अनुरोध किया। एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को उपभोक्ता का समाधान करने के निर्देश दिए।
गांव रतनथल के जगदीश ने शिकायत दी कि उसके गांव में एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर वहां पालतू पशु बांधने का स्थान बना लिया है जिसे हटाया जाए।
एसडीएम ने पंचायत विभाग को मौका देखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गांव भूरियावास के धर्मबीर शर्मा ने जलभराव के कारण नष्ट हुई बाजरा व कपास की फसल का मुआवजा दिलवाने का अनुरोध किया जिसे आगामी कार्रवाई के लिए कृषि विभाग को भेज दिया गया है।