निवर्तमान विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का टिकट कटने के बाद शहर में विधायक से लेकर रुठे भाजपाइयों को मनाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी से बागी हुए कापड़ीवास को मनाने के सवाल पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद यादव और जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल ने कहा कि विधायक होने के नाते ये काम अन्य लोगों को दिया गया है, लेकिन उनकी ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं कापड़ीवास ने कहा कि प्रदेश के नेताओं के साथ उनकी बात हुई है, लेकिन उनका फार्म रेवाड़ी की जनता ने भरा है। फार्म वापस लेने का सवाल नहीं है। लेकिन सात अक्तूबर को दोपहर तीन बजे तक नाम वापस लेने समय है। ऐसे में सोमवार को दोपहर तीन बजे तक स्पष्ट हो जाएगा कि कौन- कौन चुनाव मैदान में है। निर्वाचन आयोग की ओर से सोमवार को ही निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यालय खोलकर कर चुके हैं प्रचार शुरू
एक ओर प्रदेश व जिला के भाजपाइयों की ओर से बागी हुए विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास को मनाने की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी ओर कापड़ीवास ने रविवार को धारुहेड़ा में चुनाव कार्यलय खोलकर चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया गया है। ऐसे में भाजपाइयों की ओर से मनाने की प्रक्रिया सिरे चढ़ पाऐगी या नहीं सोमवार को स्पष्ट हो जाएगा।
90 फीसदी भाजपाइयों को मनाने का काम हुआ पूरा: जिलाध्यक्ष
भाजपा रेवाड़ी जिलाध्यक्ष योगेंद्र पालीवाल ने कहा कि उनका सर्वप्रथम काम रेवाड़ी जिला के कार्यकर्ताओं को मनाने का है। उनकी ओर से पार्टी के 90 फीसदी कार्यकर्ताओं को मना लिया गया है। बाकी को भी जल्द मना लिया जाएगा। कापड़ीवास को भी मनाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है, वे भी मान जाएंगे।
रेवाड़ी विधानसभा में अभी भी 15 उम्मीदवार, कितने बचेंगे आज होगा साफ
रेवाड़ी, बावल व कोसली विधानसभाओं में कुल 62 प्रत्याशियों ने नामांकन किया गया था। लेकिन जांच के दौरान चुनाव मैदान में कुल 44 उम्मीदवार थे। अकेले रेवाड़ी विधानसभा में ही 15, बावल में 13 व कोसली में 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सोमवार को नाम वापस लेने का दिन है, ऐसे में स्पष्ट हो जाएगा कि आखिर असली मुकाबला किन लोगों के बीच में होगा।