ट्रेन से उतरे यात्री का बैग चेक करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Sirsa
चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू होते ही हरियाणा व पंजाब की सीमा पर दोनों राज्यों की पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। सीमा के दोनों तरफ के निकटवर्ती क्षेत्र के डीएसपी की ओर से लगातार संयुक्त बैठक कर धन-बल, ड्रग्स और दोहरे मतदाताओं से निपटने के लिए रणनीति तैयार कर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
इसके अलावा स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस की ओर से भी पंजाब से आने वाले वाहनों व रेल गाड़ियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पंजाब सीमा पर स्थित कालांवाली क्षेत्र में सिटी पुलिस की ओर से नाकों पर पंजाब से आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। क्योंकि पंजाब से हरियाणा में आने वाले सैकड़ों वाहन रोजाना कालांवाली से होकर गुजरते हैं।
वहीं स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पंजाब के स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों पर रेलवे पुलिस की नजर रहेगी। कालांवाली रेलवे स्टेशन पर पंजाब से ही कई गाड़ियां पहुंचती हैं। जिनमें अधिकतर गाड़ियां पंजाब के बठिंडा से होकर रेवाड़ी व दिल्ली की तरफ जाने वाली गाड़ियां हरियाणा में प्रवेश करते हुए कालांवाली स्टेशन पर रुककर जाती हैं। कालांवाली के डीएसपी नर सिंह ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर पंजाब सीमा पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी।
पुलिस की ओर से असामाजिक तत्वों की हरकतों को रोकने के लिए पंजाब सीमा पर स्थित हरियाणा क्षेत्र में गांव नौरंग व गांव रोड़ी में दो-दो नाके लगाने के अलावा गांव तख्तमल, गांव देसूमलकाना में एक-एक नाके सहित कुल 6 नाके लगाए गए हैं। हर पुलिस नाके पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट के अलावा करीब 6 कर्मचारी हर समय तैनात रहेंगे और पंजाब से आने-जाने वाले वाहनों की पूरी वीडियोग्राफी के साथ चेकिंग करेंगे।