गांव धवाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका के छात्राओं को अश्लील क्लिप दिखाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षिका क्लिप दिखाने के बाद अपने मोबाइल से छात्राओं की लड़कों से बात भी करवाती थी।
बृहस्पतिवार को शिक्षक के महिला से दुष्कर्म के मामले में हुई पंचायत के दौरान इस मामले का खुलासा हुआ है। भड़के ग्रामीण पूरा दिन शिक्षिका समेत तीन अध्यापकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर स्कूल में डटे रहे। पंचायत ने मामले के संबंध में जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी को पत्र भी दिया है।
गांव धवाना में बृहस्पतिवार को एक अध्यापक के गांव की महिला से दुष्कर्म की कोशिश करने के मामले में पंचायत थी। पंचायत में स्कूल की छात्राओं ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया।
सरपंच दलबीर, रमेश पांडे, रवींद्र, विक्रम, विद्यानंद, हरिराम, भीम, प्रेम सिंह, जगमाल, देवेेंद्र, प्रकाश, कृष्ण कुमार, राकेश, कृष्ण कुमार, बलवंत, विजय, पृथ्वीराज, ओमप्रकाश, संदीप, नरेंद्र, संदीप, दयाराम सहित सैकड़ों ग्रामीण गांव के राजकीय स्कूल में एकत्रित हुए और बच्चों से पूछताछ की।
पूछताछ में पता चला कि छात्राओं के साथ अध्यापक अभद्र व्यवहार और जातिसूचक शब्द कहकर अश्लील हरकतें करते हैं। छात्राओं को अश्लील क्लिप दिखाई जाती हैं। इसमें एक अध्यापक ने अश्लील हरकत की है तथा आधी छुट्टी में छात्राओं को बुलाकर गंदी बातें करते हैं।
एक अन्य अध्यापक ने भी छात्राओं से अश्लील हरकत की। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में फिजिकल एजूकेशन की शिक्षिका (पीटीआई) ने छात्राओं को गंदी क्लिप दिखाई हैं। ग्राम पंचायत ने इससे पहले भी दो बार स्कूल में इसकी शिकायत की और गांव के सफाई कर्मचारी ने भी स्कूल प्राचार्य को शिकायत की थी। अध्यापकों के आश्वासन के बाद भी स्थिति ज्यों की त्यों बरकरार है।
बृहस्पतिवार को गुस्साए ग्रामीणों ने पंचायत की। स्कूल में मौजूद ग्रामीणों ने मौलिक शिक्षा अधिकारी को बताया कि एक अध्यापक तो अपनी गाड़ी में तलवार, लाठी और पिस्तौल लेकर चलता है। ग्रामीणों ने मांग की कि ऐसे सभी अध्यापकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 16 मई को स्कूल गेट पर ताला लगा देंगे। गौरतलब है कि स्कूल के एक अध्यापक ने दो दिन पहले रात में गांव के एक घर में घुस कर महिला से दुष्कर्म की कोशिश की थी। शिक्षक पर मामला दर्ज है। इस बारे में थाना खोल प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग अगर इन अध्यापकों के खिलाफ कोई मामला दर्ज करवाता है तो उचित कार्रवाई की जाएगी।