फोटो: 34रेवाड़ी। आस्था कुंज में स्टाफ सदस्यों की उल्लेखनीय कार्यशैली पर सम्मानित करते डीसी अभ
रेवाड़ी। जिला बाल कल्याण परिषद के चेयरमैन और डीसी अभिषेक मीणा ने मकर संक्रांति पर बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित आस्था कुंज-बाल देखरेख संस्थान और नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। वहां रह रहे बच्चों, केयर टेकर व स्टाफ से मुलाकात की। डीसी ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।
डीसी अभिषेक मीणा ने संस्थान संचालन का दायित्व निभा रहे स्टाफ सदस्य को कहा कि वे बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि वे किसी प्रकार की कमी महसूस न करें। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ उनकी स्वास्थ्य जांच भी समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बाल गृह की साफ-सफाई व्यवस्था, लाईब्रेरी, डाइनिंग हाल, रसोई इत्यादि का अवलोकन भी किया।
वहीं डीसी अभिषेक मीणा ने नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नशे पर अंकुश लगाने को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि केंद्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें। पुनर्वास के लिए आए मरीजों को समय पर दवाई और इलाज की सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इस अवसर पर बाल कल्याण परिषद के गुरुग्राम मंडल अधिकारी कमलेश शास्त्री, जिला बाल कल्याण अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार, एआईपीआरओ पवन यादव सहित स्टाफ सदस्यगण मौजूद रहे।