धारूहेड़ा। राजपूत महासभा धारूहेड़ा की बैठक संरक्षक कप्तान सिंह परमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन महासभा अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर चरण सिंह छोकर ने किया। इसमें समाज हित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त को राजपूत महिला मंडल के तत्वावधान में तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा आगामी दशहरा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महाराणा प्रताप पार्क, सेक्टर-6 के सुंदरीकरण को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में पार्क की बाउंड्री वॉल निर्माण, मिट्टी भराई और अन्य विकास कार्य कराने की मांग की गई। समाज के सदस्यों ने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए और निर्णय लिया कि इसे आगामी सप्ताह नगर पालिका अध्यक्ष को सौंपा जाएगा
बैठक में समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने, बच्चों की शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य, सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। सभी सदस्यों ने समाज हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस दौरान समाज के दो परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। वहीं सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर चरण सिंह छोकर को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर समाजजनों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर वीरेंद्र सिंह बलोरिया, राहुल चौहान, रण सिंह शेखावत, पवन सिंह शेखावत, गंगा सिंह, सत्यवीर सिंह, संदीप चौहान, महावीर सिंह राठौर, विक्रम सिंह राठौर सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे