रेवाड़ी। त्योहारी सीजन और अनाज मंडियों में बाजरा के उठान की धीमी गति को देखते हुए रेवाड़ी और कोसली अनाज मंडी में 7 से 10 नवंबर तक खरीद कार्य बंद रहेगा। इस दौरान किसानों की फसल के गेट पास भी नहीं काटे जाएंगे। अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को दोनों मंडियों में गेट पास काटने की प्रक्रिया दोबारा शुरू होगी।
किसानों को चार दिन तक अपनी फसल लेकर मंडियों में नहीं पहुंचने की सलाह दी गई है। रेवाड़ी और कोसली मार्केट कमेटी के सचिव नरेंद्र ने बताया कि खरीफ सीजन के दौरान मंडियों में बाजरा की लगातार आवक हो रही है। इसके मुकाबले उठान का कार्य अपेक्षाकृत धीमी गति से चल रहा है।
मंडियों में फसल की आवक अधिक होने के कारण पहले से खरीदे गए बाजरा का उठान करना जरूरी है। वहीं दिवाली, विश्वकर्मा पूजा, गोवर्धन पर्व, भैया दूज और छठ पूजा के चलते मंडियों में काम करने वाले अधिकांश श्रमिक अवकाश पर चले गए हैं। इससे उठान की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
करीब एक लाख मीट्रिक टन पहुंचा बाजरा
इस खरीफ सीजन में रेवाड़ी और कोसली अनाज मंडी में बाजरा की अच्छी आवक दर्ज की गई है। अब तक कोसली अनाज मंडी में 46,290 मीट्रिक टन बाजरा पहुंच चुका है, जबकि रेवाड़ी अनाज मंडी में 53,691 मीट्रिक टन बाजरा की आवक हुई है। इस प्रकार दोनों मंडियों में कुल 99,981 मीट्रिक टन बाजरा पहुंच चुका है। अधिक आवक के चलते मंडियों में उठान और भंडारण की व्यवस्था पर भी दबाव बना हुआ है।
रेवाड़ी मंडी में 60 प्रतिशत उठान पूरा
उठान की स्थिति पर नजर डालें तो शुक्रवार तक रेवाड़ी अनाज मंडी में करीब 60 प्रतिशत बाजरा का उठान पूरा हो चुका है। शेष बाजरा का उठान करने के लिए प्रक्रिया जारी है। मंडी में श्रमिकों की उपलब्धता कम होने और त्योहारों के कारण उठान की गति प्रभावित हुई है। ऐसे में खरीद कार्य को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि मंडी में पहले से खरीदी गई फसल का उठान किया जा सके और व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।