निजी बस में लगी आग। स्रोत : वीडियो ग्रैब
भिवाड़ी। भिवाड़ी बस स्टैंड पर खड़ी एक निजी बस में वीरवार को सुबह साढ़े 4 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि बस में उस समय न तो कोई यात्री था और न ही चालक-परिचालक मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना से बस स्टैंड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस स्टैंड के किनारे पर एक बस खड़ी थी। अचानक उसमें धुआं उठता देखा गया और कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नगर परिषद फायर इंचार्ज नरेश कुमार मीणा ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े चार बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। तत्काल दमकल रवाना की गई और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है। फिलहाल बस के मालिक और वाहन की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।