संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद एक इंस्टीट्यूट का प्रिंसिपल फरार चल रहा है। पीड़ित नर्सिंग छात्रा को कोर्ट में बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया गया था। इससे पहले नर्सिंग छात्रा ने वीरवार को धारूहेड़ा थाना पुलिस को शिकायत दी थी।
छात्रा ने कॉलेज प्रिंसिपल पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। नर्सिंग छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी थी। बताया था कि 22 दिसंबर उसे कॉलेज में नर्सिंग हेड की जिम्मेदारी दी हुई है। रात एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई। उसने उसके इलाज के लिए कॉलेज प्राचार्य को फोन किया।
प्राचार्य ने उसे अस्पताल में ड्यूटी स्टाफ से बात कर दवा के बारे में पता करने को कहा। अस्पताल में बात होने के बाद वह दवा लेने जा रही थी। इसी दौरान उसे रास्ते में कॉलेज प्रिंसिपल मिले। उन्होंने कुछ सामान देने के बहाने अपने पास बुलाया और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
विरोध करने पर उसे करियर खराब करने की धमकी दी जिससे वह डर गई और भागकर हॉस्टल चली गई। जहां उसने अपनी आप बीती अपनी दो सहेलियों को बताई।
24 दिसंबर की रात कॉलेज प्रिंसिपल ने उसे फोन कर अपने किए पर माफी मांगी। जब प्राचार्य की बात अपनी सहेली की मां से करवाई तो वे अपनी बात से मुकर गए और धमकी दी जिसके बाद उसने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। फिलहाल मामले की जांच अभी चल रही है। कॉलेज की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।