भिवाड़ी। रामपुरा पहाड़ी क्षेत्र में 22 जून की रात हुई युवती मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बिहार के सहरसा के हरेवा निवासी मो. सागर अली उर्फ शाहबाज खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी को वीरवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देशन में थाना भिवाड़ी के थानाधिकारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जीत कॉलोनी निवासी गुड़िया खातुन ने शिकायत में बताया था कि उनकी बेटी मुस्कान जनवरी से शाहबाज खान के साथ जग्गू कॉलोनी सांथलका में रह रही थी। 19 जून से मुस्कान से संपर्क नहीं हो रहा था और उसका मोबाइल बंद आ रहा था।
परिजनों ने सांथलका जाकर शाहबाज से पूछताछ की लेकिन उसने मुस्कान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इसी दौरान फूलबाग थाने से एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। सरकारी अस्पताल में शव की पहचान मुस्कान के रूप में हुई।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीम ने करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया।
राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के करीब 40 जिलों में लगभग 325 स्थानों पर निगरानी रखी गई। पुलिसकर्मियों ने भेष बदलकर भी जानकारी जुटाई। जांच के दौरान टीम ने करीब 7 हजार किलोमीटर की दूरी तय की।
पूछताछ में हत्या की बात कबूली
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुस्कान पारिवारिक विवादों के कारण परेशान थी। इसी दौरान आरोपी और उसके साथी को उसके द्वारा कुछ लोगों के बारे में खुलासा करने की जानकारी मिली। इसके बाद दोनों ने उसे मिलने के बहाने पहाड़ी क्षेत्र में बुलाया और उसकी हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब उसके साथी की भूमिका और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।