संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। टीपी स्कीम काॅलोनी स्थित शॉपिंग कॉम्पलेक्स में आठवें श्री गणेश महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उत्सव को लेकर रविवार रात आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक हुई जिसमें सदस्यों को विभिन्न प्रभार सौंपे गए।
इस मौके पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें विनय मलिक को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया। 27 अगस्त से छह सितंबर तक चलने वाले गणेश महोत्सव की शुरुआत श्री गणेश शोभायात्रा एवं कलश यात्रा से होगी। महोत्सव में टीपी स्कीम समेत आस-पास की चार काॅलोनियों के श्रद्धालु शामिल होंगे।
संस्था के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही महोत्सव की तैयारियों को गति प्रदान की गई है। प्रधान विनय मलिक के अतिरिक्त सतीश अग्रवाल फर्नीचर वालों को संरक्षक, प्रवीण सचदेवा को उप प्रधान, सुनील माटा को सचिव, इंदर अरोड़ा को सह सचिव, प्रेम गेरा को कोषाध्यक्ष, नंदलाल ढींगरा को सह कोषाध्यक्ष और गोपाल शर्मा को प्रेस सचिव बनाया गया है।
महिला प्रधान का दायित्व श्रीमती अर्चना कौशिक को सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि टीपी स्कीम के अतिरिक्त गौतम नगर, सुभाष नगर, सज्जन कालोनी के श्रद्धालुओं के सहयोग से 27 अगस्त को कलश यात्रा निकालकर गणेश जी की स्थापना की जाएगी।
कलश यात्रा के प्रति महिलाओं के उत्साह को देखते हुए कलश उठाने वाली महिलाओं के लिए एक आकर्षक उपहार भी रखा गया है। समारोह में प्रतिदिन आकर्षक झांकियों के साथ-साथ सुंदरकांड पाठ, श्रीश्याम बाबा का जागरण, डांडिया मुख्य आकर्षण होंगे। समारोह के समापन पर श्री गणेश का विसर्जन ना करके उनकी धातु की प्रतिमा को शोभायात्रा के साथ वापस गौतम नगर की गली नंबर दो स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में स्थापित किया जाएगा।