रेवाड़ी। नगर परिषद की नई बहुमंजिला इमारत का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की तैयारी है। लघु सचिवालय के पीछे जाट धर्मशाला के समीप 1.93 एकड़ जमीन पर बनने वाली इस इमारत की सबसे बड़ी खासियत 1,000 लोगों की क्षमता वाला भव्य ऑडिटोरियम होगा।
नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पिप्पल ने बताया कि यह परियोजना नगर परिषद हाउस की प्राथमिकताओं के आधार पर तैयार की गई है। 20 से 25 सितंबर के बीच केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के रेवाड़ी आने की संभावना है। उनकी मौजूदगी में हाउस की बैठक आयोजित कर भवन का भूमि पूजन कराने और सिंगल विंडो व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।
नई इमारत बनने में करीब दो साल लग सकते हैं। ऐसे में आमजन की सुविधा के लिए मौजूदा भवन के पुराने टाउन हॉल में सिंगल डेस्क सिस्टम शुरू किया जा रहा है। यहां आईडी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और किराया जमा कराने समेत विभिन्न कार्य एक ही जगह हो सकेंगे। टाउन हॉल में सीलिंग मरम्मत का काम पूरा होने के बाद इसे जनता के लिए शुरू किया जाएगा।
मौजूदा नगर परिषद भवन में जगह की कमी के कारण कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ आमजन को भी परेशानी होती है। बैठने और पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से समस्या बनी हुई है। नए भवन से इन दिक्कतों का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
जमीन की कीमत 13.50 करोड़ रुपये चुकाई गई
शहर में बड़े आयोजनों और कार्यक्रमों के लिए बड़े ऑडिटोरियम की कमी को देखते हुए इसे नए भवन की योजना में शामिल किया गया है।नगर परिषद ने इसके लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से जमीन खरीदी है। जमीन की कीमत करीब 13.50 करोड़ रुपये चुकाई गई है। प्रस्तावित भवन करीब चार मंजिला हो सकता है। इसमें नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त कार्यालय, आमजन के लिए सुविधाएं, पार्किंग और कॉरपोरेशन मॉडल की तर्ज पर आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।