ग्रामीणों को समझाते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Rewari
गांव नांगल जमालपुर में शनिवार को पशुओं के लिए चारा लेने गई बुजुर्ग महिला शकुंतला की हत्या चुन्नी से गला घोंटकर की गई थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम में हुआ है। हत्या क्यों और किसने की, इसका पता नहीं लग पाया है। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को महिला का शव रेवाड़ी-नारनौल मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दस किलोमीटर लंबा जाम लगने से वाहन फंस गए और राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। डीएसपी मोहम्मद जमाल खान ने एक सप्ताह में हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। जिससे ग्रामीण मान गए और जाम खोल दिया। तब राहगीरों ने राहत की सांस ली।
गांव नांगल जमालपुर निवासी बाबूलाल की पत्नी 55 वर्षीय पत्नी शकुंतला शनिवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने के लिए खेत में गई थी। दोपहर बाद तक भी घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सड़क से महज 50 फीट अंदर महिला का शव बाजरे के खेत में पड़ा मिला। रविवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। जिसमें महिला की हत्या उसकी चुन्नी से गला घोंटकर किए जाने की पुष्टि हुई है। यह बात सुनकर परिजनों के साथ ही ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। उन्होंने पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव रविवार दोपहर करीब एक बजे रेवाड़ी से नारनौल मार्ग पर पाडला मोड़ पर रखकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना के बाद डीएसपी मोहम्मद जमाल खान समेत कई अफसर मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाकर एक सप्ताह में हत्यारों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।
पुलिस के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि सरेआम बदमाशों ने बुजुर्ग महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। ऐसे में गांव की कोई महिला सुरक्षित नहीं रह सकती है। वारदात के चौबीस घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है।
लाठी चार्ज की सूचना पर भड़के ग्रामीण
प्रदर्शन के दौरान एक बार ऐसी स्थिति बन गई थी कि पुलिस व ग्रामीण आमने-सामने आ गए थे। किसी ने ग्रामीणों को बताया कि पुलिस लाठी चार्ज करने की रणनीति बना रही है। इस पर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों की पुलिसकर्मियों के साथ काफी तनातनी हुई। जैैसे-तैसे अधिकारियों ने स्थिति को कंट्रोल में करते हुए लोगों को शांत कराया।