धारूहेड़ा। औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा में सड़कों पर बने गड्ढों और जाम की समस्या से वाहन चालकों समेत आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 को रेवाड़ी-सोहना-पलवल मार्ग एनएच 919 से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की हालत खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे रोजाना जाम की स्थिति बनती है और वाहन चालक परेशान होते हैं।
मुख्य सड़क पर कट न होने के कारण उन्हें मजबूरन खरखड़ा गांव के फ्लाईओवर के नीचे से होकर गुजरना पड़ता है जहां सड़क की हालत और भी ज्यादा खराब है।
भगत सिंह चौक से एनएच-919 की ओर जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर बड़े गड्ढे बने हैं, जिनमें अक्सर वाहन फंस जाते हैं। भारी वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए इस रास्ते से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
भिवाड़ी बाईपास रैंप के आसपास भी सड़क की हालत खराब होने से समस्या और बढ़ गई है। कई जगह गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं और चोटिल हो जाते हैं। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
बास रोड और सोहना रोड कस्बे की लाइफलाइन हैं, जो राजस्थान के औद्योगिक क्षेत्रों से भी जुड़ती हैं। इसलिए इन सड़कों का चौड़ीकरण बेहद जरूरी है। भगत सिंह चौक पर लगी रेड लाइट का पूरा लाभ तभी मिलेगा जब अतिक्रमण हटाया जाएगा और लेफ्ट हैंड फ्री किया जाएगा।
-
वर्षों से बनी है समस्या, नहीं दिया जा रहा ध्यान
धारूहेड़ा के जेपी यादव ने बताया कि यह समस्या कोई नई नहीं है बल्कि वर्षों से बनी हुई है। सड़क की खराब हालत के कारण कई स्थानीय लोगों ने इस मार्ग से आना-जाना कम कर दिया है। राजीव कुमार ने बताया कि अन्य शहरों से धारूहेड़ा के सेक्टरों, भिवाड़ी और अलवर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी गड्ढों का अंदाजा नहीं होता, जिससे उन्हें अचानक परेशानी का सामना करना पड़ता है।