संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले को जल्द ही पांच इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इनका संचालन शहर के 40 किलोमीटर के दायरे में किया जाएगा जिससे लोगों को काफी सहूलियत होगी। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी कवर किया जाएगा। इसको लेकर रोडवेज ने फाइल तैयार कर परिवहन विभाग को भेज दी है।
शहर के लोगों को लंबे समय से इलेक्ट्रिक बसों का इंतजार है। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण मुक्त हैं। वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों के चलने से लोगों को काफी सहूलियत होगी। इससे लोग 40 किलोमीटर दायरे में आराम से यात्रा कर सकेंगे। इलेक्ट्रिक बसों का रूट व किराया तय किया जा रहा है। इन बसों के चलते से सबसे अधिक विद्यार्थियों को सुविधा होगी। यह एसी बसें 45 सीटर होंगी। दरवाजे ऑटोमेटिक होंगे। रूट का अनाउंसमेंट भी ऑटोमेटिक होगा। अभी यह इलेक्ट्रिक बसें हरियाणा के यमुनानगर, पंचकूला, करनाल और पानीपत में चल रही हैं।
रेवाड़ी में जून के अंतिम सप्ताह में इलेक्ट्रिक बसें देने की घोषणा की गई थी लेकिन बसें नहीं मिल सकी थी। इसके बाद उम्मीद थी कि जल्द ही बसें मिल जाएंगी। बीच में चुनाव आने के कारण प्रक्रिया रुक गई। नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर माह में बसें मिलने की संभावना है। अगर ऐसा हुआ तो 2025 की शुरुआत रेवाड़ी में इलेक्ट्रिक बसों के साथ होगी।
बनाया जा चुका है चार्जिंग पॉइंट
रोडवेज को बिजली निगम की ओर से बिजली का कनेक्शन दिया जा चुका है। चार्जिंग प्वाइंट भी लगा दिए गए हैं। राज्य परिवहन विभाग की ओर से करीब 85 करोड़ की लागत से रामगढ़ रोड पर 20 एकड़ में नया बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसके बनने में 2 साल से अधिक समय का लगेगा। नए बस स्टैंड में विभाग की ओर से चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा, जो करीब 13 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से 90 गज जमीन पर बनाया जाएगा। रोडवेज के वर्तमान स्टैंड में अस्थायी चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है, जिसमें पॉइंट लगाकर सबसे पहले आने वाली 5 इलेक्ट्रिक बसों को चार्जर करने की योजना है।
इलेक्ट्रिक बस चलाने का रूट मैप तैयार
रेवाड़ी की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसें दौड़ाने के लिए रोडवेज विभाग ने योजना बना ली है। इसका रूट मैप बनाकर जीएम ने निदेशालय भी भेज दिया है। प्रथम चरण में ट्रायल के तौर पर इलेक्ट्रिक एसी बसें रोडवेज की ओर से रेवाड़ी से धारूहेड़ा, बावल, कुंड, मीरपुर व पटौदी रूट पर चलाई जाएंगी।
वर्जन:
इलेक्ट्रिक बसों के मिलने की प्रक्रिया अभी जारी है। बिजली कनेक्शन मिल चुका है और चार्जिंग प्वाइंट भी लगा दिए गए हैं, जहां बसों को आसानी से चार्ज किया जा सकेगा।-देवदत्त, महाप्रबंधक, रोडवेज रेवाड़ी।