संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के बीपीएल और एएवाई श्रेणी के उपभोक्ताओं को नवंबर, दिसंबर और जनवरी में राशन डिपो से बाजरा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने 13648.04 क्विंटल बाजरे का आवंटन किया है।
इसका लाभ जिले के 1,36,148 गरीब परिवारों को मिलेगा। बाजरे को 31 अक्तूबर तक डिपो पर पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। नवंबर, दिसंबर और जनवरी में बीपीएल श्रेणी के पात्र परिवारों के 504750 सदस्यों को मुफ्त बाजरा दिया जाएगा। विभाग की ओर से एएवाई श्रेणी के पात्र परिवारों को 35 किलोग्राम अनाज में 17 किलोग्राम बाजरा और 18 किलोग्राम गेहूं वितरित किया जाएगा। बीपीएल की अन्य श्रेणियों के लाभार्थियों को प्रति सदस्य ढाई किलो बाजरा और ढाई किलो गेहूं वितरित किया जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की ओर से एएवाई श्रेणी के परिवारों को 35 किलोग्राम अनाज (गेहूं) हर माह राशन डिपो से मुफ्त मुहैया कराया जाता है।
स्टेट बीपीएल परिवार को प्रति सदस्य पांच किलो गेहूं मुफ्त मिल रहा है। नवंबर से एएवाई श्रेणी के परिवार को 17 किलोग्राम बाजरा और 18 किलोग्राम गेहूं मुफ्त मिलेगा। इसी तरह बीपीएल श्रेणी में प्रति सदस्य ढाई किलो गेहूं और ढाई किलो बाजरा मुफ्त दिया जाएगा। राशन डिपो पर प्रत्येक श्रेणी के बीपीएल परिवार को एक किलोग्राम चीनी साढ़े 13 रुपये में मिल रही है। वहीं, दो लीटर सरसों का तेल 40 रुपये में मुहैया कराया जा रहा है।
-
कुल राशन कार्ड 136148
कुल सदस्य 504750
बाजरा आवंटन 13648.04 क्विंटल
एएवाई कार्ड 11653
एएवाई सदस्य 39060
बीपीएल कार्ड 124495
बीपीएल सदस्य 472094
वर्जन
बीपीएल परिवारों को नवंबर से जनवरी तक बाजरा मुफ्त में मिलेगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने नवंबर से सरकारी राशन डिपो पर सभी बीपीएल परिवारों को मुफ्त बाजरा वितरण का आदेश दिया है। 31 अक्तूबर तक गोदामों से बाजरे का उठान कराकर डिपो पर पहुंचाया जाएगा।- जय यादव, एएफएसओ।