फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewari News: प्रदूषण से सांसों पर संकट बरकरार, ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू

Sun, 08 Nov 2026 12:01 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रेवाड़ी
विज्ञापन
अनाज मंडी क्षेत्र में दोपहर के समय फैला प्रदूषण। संवाद
विज्ञापन
रेवाड़ी। वायु प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और खराब होने की आशंका के चलते दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू कर दी गई हैं। रेवाड़ी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 दर्ज किया गया है। दिवाली से पहले प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रैप-3 के तहत निर्माण कार्यों, वाहनों और औद्योगिक गतिविधियों पर सख्ती की जाएगी।
विज्ञापन

ग्रैप-3 लागू होने के बाद गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए खुदाई, मिट्टी भराई, ड्रिलिंग, प्लास्टर और अन्य धूल फैलाने वाले कार्यों पर रोक लगाई जाएगी। आवश्यक परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट मिल सकती है।
बीएस-3 पेट्रोल और बीएस-4 डीजल के पुराने चार पहिया वाहनों के संचालन पर संबंधित निर्धारित क्षेत्रों में प्रतिबंध रहेगा। दिल्ली-एनसीआर में आने वाली अंतरराज्यीय डीजल बसों पर भी रोक का प्रावधान है। बीएस-6 और स्वच्छ ईंधन से चलने वाले वाहनों को निर्धारित छूट मिलेगी।
विज्ञापन


स्टोन क्रशर और खनन बंद
ग्रैप-3 के तहत स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों को बंद रखने के निर्देश हैं। प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाले ईंट भट्ठों और हॉट मिक्स प्लांट पर भी कार्रवाई होगी। सड़कों की मैकेनिकल सफाई बढ़ाने के साथ धूल प्रभावित क्षेत्रों में पानी का छिड़काव किया जाएगा। दिल्ली में गैर-जरूरी मध्यम और भारी डीजल मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, प्रदूषण को देखते हुए स्थानीय प्रशासन प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प लागू करने का निर्णय ले सकता है। दिवाली के दौरान पटाखों और अन्य गतिविधियों से प्रदूषण बढ़ने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन के सामने ग्रैप के नियमों का पालन करवाना चुनौती रहेगा।

पराली के साथ स्थानीय कारण भी जिम्मेदार
पर्यावरणविद् एवं मौसम विशेषज्ञ प्रो. डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आगामी एक सप्ताह प्रदूषण के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकता है। पंजाब, पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पराली जलाने तथा उत्तर-पश्चिमी हवाओं से प्रदूषक कण दक्षिणी हरियाणा और एनसीआर पहुंच सकते हैं। वाहनों का धुआं, जाम, निर्माण कार्य, खनन, ईंट-भट्ठे और सड़क की धूल भी प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने, सुबह-शाम सैर से बचने, कूड़ा नहीं जलाने और निजी वाहनों का कम उपयोग करने की सलाह दी।

सैर व खुले में व्यायाम करने से बचें
फिजिशियन डॉ. मनीष ने बताया कि ग्रैप-3 के दौरान बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलें और सुबह-शाम सैर व खुले में व्यायाम करने से बचें। बाहर जाना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनें। घर में धूल और धुएं से बचाव रखें। अस्थमा के मरीज नियमित दवाएं लें। आंखों में जलन, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें